ग्वालियर में सांसों का संघर्षः सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म होने से अफरा-तफरी, आधा दर्जन मरीजों की मौत

सुबह राहत की खबर लेकर आया टैंकर, रात 12 बजे तक तीन और टैंकर पहुंचेंगे

<p>ग्वालियर में सांसों का संघर्षः सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म होने से अफरा-तफरी, आधा दर्जन मरीजों की मौत</p>
जेएएच में ऑक्सीजन खत्म होने पर मरीजों को शिफ्ट किया गया।
<p>ग्वालियर में सांसों का संघर्षः सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म होने से अफरा-तफरी, आधा दर्जन मरीजों की मौत</p>

ग्वालियर में ऑक्सीजन की किल्लत के चलते शुक्रवार रात से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। एक-एक कर सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन खत्म हो रही है। इसके चलते कोविड मरीजों की जान पर बनी हुई है, वहीं उनके परिजन ऑक्सीजन की तलाश में भटक रहे हैं। शुक्रवार रात 10 बजे अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जयारोग्य के मेडिसिन विभाग में भर्ती सभी पेशेंट के परिजन को अस्पताल खाली करने के लिए कह दिया गया। गंभीर हालत में भर्ती अपने-अपने पेशेंट को लोग स्ट्रेचर, व्हील चेयर बल्कि गोद में उठाते हुए भागे। इस दौरान ऑक्सीजन न मिलने से भाजपा नेता राजकुमार बंसल सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।

जयारोग्य अस्पताल, जिला अस्पताल मुरार के अलावा अधिकतर प्राइवेट हॉस्पिटल में ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। रात भर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, SP अमित सांघी रात भर सड़कों पर रहे हैं। वहीं कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक और डॉ. सतीश सिंह सिकरवार भी लगातार परिजनों के संपर्क में रहे। कलेक्टर, SP ने ट्रांसपोर्ट नगर में वेंडर की दुकानें खुलवाकर तत्काल ऑक्सीजन का इंतजाम किया है। शनिवार सुबह एक ऑक्सीजन टैंकर JAH पहुंचा है, लेकिन इससे भी शाम तक के ही हालात सुधर पाएंगे। शनिवार सुबह वेदांश हॉस्पिटल में ऑक्सीजन खत्म होने पर लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके अलावा लोटस हॉस्पिटल, सुविधा हॉस्पिटल, आयुष्मान हॉस्पिटल, लिंक हॉस्पिटल, केएम हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन खत्म हो गई।

प्लांट से ऑक्सीजन लूटने का प्रयास
ऑक्सजीन संकट गहराते ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और कलेक्टर बिरला नगर स्थित एमके एयर प्रॉडक्ट पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों के लिए 50 ऑक्सीजन सिलेंडर भिजवाए गए। देर रात पिंटो पार्क स्थित शिवा कंप्रेस्ड ऑक्सीजन प्लांट पर ADM सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी ऑक्सीजन सिलेंडर के इंतजाम के लिए डटे रहे। प्लांट पर निजी अस्पताल संचालकों की भीड़ जमा हो गई। यहां फोर्स बुलाकर काबू पाया गया।

शाम को ऑक्सीजन खत्म, रात को बताया
जेएएच के मेडिसन आईसीयू में ऑक्सीजन का स्तर कम होने की खबर डॉक्टरों के ग्रुप में शाम 5ः21 मिनट से चल रही थी। इसके बाद भी अस्पताल प्रबंधन हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। हालात जब ज्यादा बिगड़ने लगे तो रात 10 करीब मरीजों को पत्थरवाली बिल्डिंग में शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया। यहां कुल 60 मरीज भर्ती थे।

यहां मचा प्राण-वायु के लिए कोहराम

जिला अस्पताल मुरार-शुक्रवार शाम को एक भी सिलेंडर नहीं बचा था। यहां जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अफसरों की मदद से 20 ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराए गए।

परिधि हॉस्पिटल-सिटी सेंटर स्थित परिधि हॉस्पिटल में शुक्रवार शाम को ऑक्सीजन खत्म होने वाली थी। यहां मरीजों के परिजनों से कहा गया कि डेढ़ घंटे की ऑक्सीजन शेष है और मरीजों को किसी दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करा लें। इससे हंगामा मच गया। इसके बाद विधायक प्रवीण पाठक मौके पर पहुंचे। फिर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार आए। यहां MK एयर प्रॉडक्ट पर बात करके 10 सिलेंडर ऑक्सीजन की व्यवस्था की गई।

सराफ हॉस्पिटल-जिला न्यायालय भवन के पास की गली में स्थित सराफ हॉस्पिटल में शाम को ऑक्सीजन का संकट हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को डिस्चार्ज करना शुरू कर दिया। यहां भी हंगामा खड़ा हो गया। हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। यहां जिला प्रशासन के अफसरों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।

माहेश्वरी नर्सिंग होम-लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित माहेश्वरी नर्सिंग होम में दोपहर बाद से ऑक्सीजन की कमी होने पर मरीजों से खुद इंतजाम करने के लिए कहा गया। यहां भी रात भर हंगामा चलता रहा।

सुविधा हॉस्पिटल-झांसी रोड स्थित सुविधा हॉस्पिटल में मरीजों को डिस्चार्ज किया जाने लगा। यहां के दो मरीज सुपर स्पेशलिटी में जाकर भर्ती हुए। यहां तीन दिन पहले भी ऑक्सीजन खत्म होने पर मरीजों को आनन-फानन में शिफ्ट किया गया था। एक की मौत भी हो गई थी।

लिंक हॉस्पिटल-शनिवार की दोपहर लिंक हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन की कमी की खबरें आने लगीं। हॉस्पिटल संचालक डॉ. प्रशांत लहारिया के मुताबिक ऑक्सीजन की किल्लत है, लेकिन व्यवस्था जुटाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

केएम हॉस्पिटल-शनिवार की सुबह केएम हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन की कमी हो गई। यहां एक मरीज की मौत भी हुई। बाद में बहोड़ापुर थाना पुलिस ने इस अस्पताल में दो ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराई।