यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ली जाएगी भारतीय वायु सेना की मदद, आज भेजे जा सकते हैं C-17 ग्लोबमास्टर

<p><strong>यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ली जाएगी भारतीय वायु सेना की मदद, आज भेजे जा सकते हैं C-17 ग्लोबमास्टर</strong></p>

पढ़ें पूरी खबर :-

रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार 6वें दिन भी जारी है। इस बीच ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने का मिशन जारी है। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए अब भारतीय वायु सेना की मदद ली जाएगी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरफोर्स के अफसरों से कम समय में अधिक लोगों को निकालने के लिए मदद करने को कहा है। भारतीय वायु सेना आज से ऑपरेशन गंगा में कई C-17 ग्लोबमास्टर विमान तैनात कर सकती है। C-17 ग्लोबमास्टर ने अफगानिस्तान में अशांति के दौरान 640 लोगों को लेकर उड़ान भरी थी। भारतीय वायुसेना ने C-17 ग्लोबमास्टर विमान से भारतीयों को काबुल से दो बार एयरलिफ्ट किया था। भारत के पास 11 C-17 ग्लोबमास्टर विमान हैं। इस विमान का बाहरी ढांचा इतना मजबूत है कि इस पर राइफल और छोटे हथियारों की फायरिंग का कोई असर नहीं होता है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर सोमवार शाम एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पूरी सरकारी मशीनरी चौबीसों घंटे काम कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यूक्रेन में फंसे सभी भारतीय सुरक्षित रहें। बता दें कि एअर इंडिया की 7वीं फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंच गई है। वहीं दो अन्य फ्लाइट्स भी बुडापेस्ट और बुखारेस्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भर चुकी हैं। ये जल्द ही देश की राजधानी में उतरेंगी। इन फ्लाइट्स में 434 भारतीयों को वापस लाया जा रहा है। इसके साथ ही  यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए स्पाइसजेट का विमान भी आज स्लोवाकिया के कोसिसे जाएगा। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू इसकी निगरानी के लिए भारत सरकार के विशेष दूत के रूप में कोसिसे जा रहे हैं।