म्यूजिकल फाउंटेन के बीच हेरिटेज थीम पर जगमगाएगा कटोराताल

वीर सावरकर सरोवर के कार्यों का स्मार्ट सिटी सीईओ जयति सिंह ने किया निरिक्षण

<p>म्यूजिकल फाउंटेन के बीच हेरिटेज थीम पर जगमगाएगा कटोराताल</p>

ग्वालियर। जल्द ही ग्वालियर शहर में सैलानियो की पसंदीदा जगह वीर सावरकर सरोवर (कटोराताल) एक नए आकर्षक और भव्य रुप में दिखाई देगा। म्यूजिकल फाउंटेन के बीच हेरिटेज थीम पर आधारित लेजर शो का आनंद शहरवासी कटोराताल पर ले सकेंगे। कटोराताल के निर्माण कार्यो की प्रगति को लेकर आज गुरुवार को स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोजेक्ट से जुड़े अफसरों और कर्मचारियों को शेष निर्माण कार्यों को टाइम लिमिट तय कर क्वालिटी वर्क के साथ जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। 
सीईओ जयति सिंह ने बताया कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा कटोराताल का पुर्ननिर्माण किया जा रहा है और इसके सिविल वर्क का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इसमें लगने वाले म्यूजिकल फाउंटेन का कार्य कोरोना संक्रमण के बढ़ते असर की वजह से रोकना पड़ा था। अब कोरोना संक्रमण में कमी आने से अब इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है और जल्द ही इस कार्य को पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। यहां लगाया जाने वाला म्यूज़िकल फाउंटेन ग्वालियर शहर की ‘सिटी ऑफ़ म्यूज़िक’  के रूप में स्थापित की जा रही पहचान में भी अहम भूमिका निभाएगा। वीर सावरकर सरोवर के पुनर्विकास में हेरिटेज थीम का विशेष ख़्याल रखा गया है, जिसमें ग्वालियर के ऐतिहासिक गौरव की झलक दिखेगी। इस फाउंटेन द्वारा सप्ताह के 6 दिन हेरिटेज थीम को लेकर 30 मिनट का लेजर शो किया जाएगा। यहां प्रसारित होने वाला कार्यक्रम थीम आधारित रहेगा जो पुरातन और नूतन के अद्भुत समागम का उदाहरण पेश करेगा। इसको लगाने वाली कंपनी को ही 5 साल तक इसका मेंटेनेंस और इसको ऑपरेट करने का जिम्मा रहेगा। वहीं कटोराताल के बीच स्थित वीर सावरकर की प्रतिमा को भी अत्याधुनिक लाइटिंग के साथ रोशन किया जाएगा। पानी से आने वाली बदबू को दूर करने के लिए एक फिल्ट्रेशन प्लांट भी लगाया गया है।

सैलानियों के लिए यह होगा आकर्षण का केंद्र
• कटोराताल शहरवासियों के लिए एक लोकप्रिय स्थल है। लोग सपरिवार भ्रमण के लिए यहां आते हैं। जल्द उन्हें यहां अत्याधुनिक तकनीक से विकसित डान्सिंग फ़ाउंटेन देखने को मिलेगा। आधुनिक लाइटिंग तथा थीम म्यूज़िक के साथ समन्वय वाला यह फ़व्वारा इस स्थल को और भी आकर्षक बनाएगा।
• नूतन तथा पुरातन तत्वों को इस रमणीक स्थल पर दर्शाया जाएगा।
• शहर की विरासत को दर्शाता हुआ लाइट एंड साउंड इफेक्ट इस फ़ाउंटेन के माध्यम से सैलानियों को दिखाया जाएगा।
• यह फ़ाउंटेन आधुनिक लाइट से सुसज्जित रहेगा।
• कंट्रोल रूम से इसका संचालन किया जाएगा।
• चेंजबल (प्रोग्रामेबल) थीम से इसमें अलग-अलग कार्यक्रम दिखाने का भी प्रावधान रहेगा।