शहर में धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, सर्वसमाज ने निकाली पालकी यात्रा  

शहर में आज भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। सर्व समाज द्वारा सनातन धर्म मंदिर पर सुबह साढ़े छह बजे भगवान परशुराम का अभिषेक किया गया। सुबह सात बजे से पालकी यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलीं। सनातन धर्म मंदिर से भगवान परशुराम पालकी घोड़ा, हाई कोर्ट रोड, ऊंट पुल से राम मंदिर पहुंचा, यहां 1101 दीपकों से भगवान की महाआरती की गई। शहर के परशुराम मंदिरों सहित जगह-जगह प्रसादी वितरण व भंडारों का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर स्टॉल लगाकर ठंडा शरबत व प्रसाद बांटा गया। परशुराम जन्मोत्सव को लेकर सामाजिक व ब्राह्मण संगठनों ने तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थी। इस पालकी यात्रा का विभिन्न सामाजिक संगठन मार्ग में स्वागत किया। पालकी यात्रा से पूर्व सनातन धर्म मंदिर में भगवान चक्रधर व गिरराज शरण का सुबह अभिषेक किया गया। यह अभिषेक चंदन के लेप से किया गया। भगवान परशुराम जन्मोत्सव सम्मान समारोह समिति द्वारा सुबह 10 बजे से जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में संगीतमयी भजन प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों का सम्मान किया जाएगा।